संभागायुक्त ने अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का लिया जायजा
नरसिंहपुर। महेश चंद्र चौधरी ने शुक्रवार को खैरीनाका ग्राम पंचायत में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, संयुक्त कमिश्नर विकास अरविन्द यादव, सीईओ जिला पंचायत केके भार्गव सहित राजस्व व कृषि विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। संभागायुक्त श्री चौधरी ने ग्राम खैरीनाका के खेतों में जाकर सोयाबीन फसल में अतिवृष्टि, तना छेदक इल्ली व पीला मोजेक से हुई क्षति को देखा। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा की। उन्होंने राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों के खेतों में जाकर विस्तृत सर्वेक्षण करें तथा प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति की किसानवार जानकारी तैयार करें, ताकि नियमानुसार किसानों की मदद की जा सके। कृषक राजेश मेहरा ने बताया कि अतिवृष्टि एवं पीला मोजेक रोग के कारण उनकी 4 हेक्टेयर में लगाई गई सोयाबीन की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके अलावा संभागायुक्त चौधरी ने कृषक राजेश्वरी जाट के खेत में लगाई गई सोयाबीन की फसल का भी अवलोकन किया।