स्वास्थ्य शिशु सुरक्षा को लेकर प्रथम चरण पल्स पोलियो अभियान

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश राष्ट्रीय पल्स पोलियो जन अभियान का शुभारंभ दिनांक 28 जून 2026 को किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि जबलपुर जिले मे 0 से 5 वर्ष आयु के कुल 389226 बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। इस अभियान के सफल संचालन के लिये जिले में कुल 2468 पल्स पोलियो बूथ बनाये गये है। जिनमें 4936 वैक्सीनेटर की डियूटी लगाई गई है। साथ ही 30 मोबाईल टीम, हाईरिस्क एरिया, ईंट भट्टे इत्यादि में 106 ट्रांजिट टीम की डियूटी लगाई गई है। रेल्वे स्टेशन एवं रेल में यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष तक के उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने 40 टीमो की डियूटी भी लगाई गई है। यह पल्स पोलियो वैक्सीनेटर दल जबलपुर से आने एवं जाने वाली सभी ट्रेन में सवार होकर जिला सतना एवं नर्मदापुरम स्टेशन तक यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलायेंगे। जिले में इस अभियान के पर्यवेक्षण के लिये 363 सुपरवाईजर की डियूटी लगाई गई है। पोलियो से सुरक्षित रखने पोलियो की खुराक पिलाने के लिये सभी शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं एवं आंगनवाडी केन्द्रों को पल्स पोलियो बूथ बनाया गया है । वहीं इस अभियान के प्रथम दिवस पल्स पोलियो बूथ में 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को निशुल्क पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाई जायेगी।
कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने संस्कारधानी जबलपुर के अभिभावको से अपील की है, अपने सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को इस अभियान के प्रथम दिवस ही निकट के पल्स पोलियो बूथ में ले जाकर 2 बूंद जिन्दगी की दवा अवश्य पिलायें। अधिक जानकारी के लिये निकट के सभी आंगनवाडी केन्द्र एवं आशा, ए.एन.एम. से संपर्क भी किया जा सकता है।



