शीर्षक:भगवान श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का शुभारंभ, सत्संग में आध्यात्मिक जीवन का संदेश

जबलपुर दर्पण । प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री झूलेलाल जी का चालीसा महोत्सव झूलेलाल मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में सिंधी समाज के श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सत्संग का लाभ प्राप्त किया तथा आध्यात्मिक जीवन और मानवीय मूल्यों पर आधारित विचारों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैंट विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अनिल रोहरा, उमेश परवानी एवं दिलीप तलरेजा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
चालीसा महोत्सव के दौरान भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। भजन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों से मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर रहा।
सत्संग में स्वामी श्री अशोकानंद महाराज जी एवं स्वामी प्रदीप महाराज जी ने अपने मधुर प्रवचनों के माध्यम से सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सत्संग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है तथा आत्मिक शांति और सदाचार का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यस्त जीवन में कुछ समय एकांत चिंतन और ईश्वर स्मरण के लिए निकालना आवश्यक है, जिससे मन को शांति और जीवन को सही दिशा मिलती है।

महोत्सव के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को परंपरागत थाली पूजन का आयोजन किया जाता है। इस क्रम में शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री झूलेलाल का पूजन-अर्चन किया और सुख, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।



