थाने के बाहर पीड़ित द्वारा खुद को आग लगाने के मामले मे एसपी प्रतिवेदन दें- मा.अ.आयोग

जबलपुर दर्पण | शहर के माढ़ोताल थाने के बाहर एक 55 वर्षीय व्यक्ति द्वारा खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है। पीडित व्यक्ति कठोन्दा के प्रभात नगर निवासी पूनाराम लोनिया विगत 5 जुलाई को किसी मामले में पुलिस थाने रिपोर्ट लिखवाने पहुंचा था, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं होने से हताश व परेशान होकर उसने आत्महत्या करने के उद्देश्य से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। पीडित की नाजुक हालत देखकर राहगीरों ने उपचाराथ मेडिकल मे भर्ती कराया था । मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रिय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया की मीडिया रिपोर्ट के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुये, जनहित में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण पर सुनवाई करते हुये, अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकलपीठ ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकारों के हनन का मामला मानकर, जबलपुर के पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।



