सीएमएचओ कार्यालय के बाहर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का अनशन, पीड़ित मरीजों को न्याय दिलाने की मांग

जबलपुर दर्पण । जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के बाहर कथित गलत ऑपरेशन और चिकित्सकीय लापरवाही के मामलों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनशन और धरना प्रदर्शन किया। यह अनशन कांग्रेस नेता घनश्याम पटेल और समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव पंडित आशीष मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।धरने में शामिल पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए कि अस्पतालों द्वारा गलत ऑपरेशन किए जाने से कई लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। बसंती बाई और सकून बर्मन नामक दो महिलाओं के कथित रूप से गलत उपचार के कारण एक-एक पैर काटने पड़े। वहीं राहुल अहिरवार, अर्पित सोनी और मदन अहिरवार सहित अन्य मरीजों के हाथ-पैर खराब होने और स्थायी विकलांगता की शिकायत सामने आई।पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने कई बार जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा, कलेक्टर कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की, लेकिन अब तक किसी भी दोषी डॉक्टर या अस्पताल के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं और पीड़ितों ने सीएमएचओ कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया।धरना स्थल पर पहुंचे डिप्टी कलेक्टर ने अनशन कर रहे नेताओं और पीड़ित मरीजों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कलेक्टर के समक्ष पीड़ितों के लिखित बयान दर्ज कराए जाएंगे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों एवं अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिना डिग्री और बिना मान्यता के इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टरों पर भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।प्रशासन के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे पुनः अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।इस दौरान देवांश सेंगर, दीपेन दुबे, राम पटेल, अनिल चौरसिया, लक्ष्मी बर्मन, राहुल चौधरी, मनोज अहिरवार, रंजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पीड़ित मौजूद रहे।



