सेफ क्लिक 2,0 अभियान के तहत उमरियापान पुलिस ने हनुमान मंदिर परिसर में चलाया जागरूकता अभियान

उमरियापान जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत उमरियापान पुलिस द्वारा झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी । इस दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा प्रमुख स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए ।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी बैंक कॉल, नकली कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, फर्जी लिंक, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, पार्सल डिलीवरी और ऑनलाइन जॉब ऑफर जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं ।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा न करें । किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और केवल अधिकृत वेबसाइट एवं मोबाइल एप का ही उपयोग करें । साथ ही सोशल मीडिया पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई ।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो वह बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं । समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना काफी बढ़ जाती है ।
उमरियापान पुलिस ने सभी नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की । पुलिस का कहना है कि सतर्कता, जागरूकता और समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है ।



