रेलवे ने गंदगी फैलाने वालों पर कसा शिकंजा

फरवरी लास्ट तक 12 हजार से अधिक कार्रवाई कर वसूला 13 लाख 85 हजार रुपये जुर्माना।
जबलपुर दर्पण नप्र राजेंद्र सिंह की रिपोर्ट। पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल,जबलपुर एवं कोटा तीनों मण्डलों के सभी स्टेशन परिसर एवं गाड़ियों में स्वच्छ,सुखद एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण मुहैया कराने रेलवे लगातार प्रयासरत है। महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता के निर्देश पर तथा प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मुकुल सरन माथुर के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जाती है,साथ ही उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को भी जागरुक किया जाता है। इसके अंतर्गत यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ सुथरा रखने,धूम्रपान नहीं करने तथा यहां वहां गंदगी नहीं करने का अनुरोध किया जाता है। इसके बावजूद कुछ लापरवाह लोगों द्वारा रेल प्रशासन का सहयोग नहीं किये जाने के कारण उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के अंतर्गत जुर्माने की कार्यवाही करना पड़ती है। फरवरी माह में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए पमरे के तीनों मण्डलों में चलाये गए अभियान में 899 व्यक्ति गंदगी फैलाते पकड़े गए जिन पर 01 लाख 08 हजार 450 रुपये बतौर जुर्माना लगाया गया। पूरे साल भर के आंकड़ों की बात करें तो माह अप्रैल 2021 से फरवरी 2022 तक (11 महीनों में) गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 12,116 व्यक्तियों के मामले पकड़े गए, जिनसे कुल 13 लाख 85 हजार 775 रुपये जुर्माना वसूला गया । जुर्माने के साथ साथ ऐसे लोगों को समझाइश दी गई एव स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने के लिए समझाया गया रेलवे प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि रेलवे आपकी अपनी संपत्ति है, रेल परिसर में कृपया गंदगी न फैलाएं,स्टेशन का वातावरण स्वच्छ,सुंदर रखने में रेल प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों में सहभागी बनें।




