मोमन बड़ोदिया में ऊर्जीकृत हुआ 50 एमव्हीए पावर ट्रांसफार्मर

शाजापुर जिलें की विद्युत पारेषण व्यवस्था को मिली सुदृढ़ता
जबलपुर दर्पण। एम.पी. ट्रांसको (म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी) ने शाजापुर जिले के 132 के.व्ही. सबस्टेशन मोमन बड़ोदिया में एक 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि मोमन बड़ोदिया क्षेत्र में कृषि व घरेलू उपभोक्ताओं की विद्युत की बढ़ती मांग के मद्देनजर एम.पी. ट्रांसको ने सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि करते हुये 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जित किया है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित हो जाने से मोमन बड़ोदिया सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 70 एम.व्ही.ए. हो गई है।
मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि लगभग 5.76 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर को इंदौर स्काडा सेंटर से रिमोट टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है।
श्री तोमर ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से शाजापुर जिले में मोमन बड़ोदिया, मोहाना, नागजीरी, मांड़ोदा, शादीपुर से जुडे विद्युत उपभोक्ताओं को काफी फायदा पहुचेगा, अब उन्हे उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध रहेगी। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने इस सफलता के लिये एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई दी है।
शाजापुर जिले में पहली बार रिमोट से हुआ ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत एम.पी. ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता श्री निर्दोष केरकेट्टा ने बताया कि इंदौर से एच.एम.आई (हयूमन मशीन इंटरफेस) तकनीक का उपयोग करते हुये कम्प्यूटर का माउस क्लिक कर 124 किलोमीटर दूर मोहन बड़ोदिया में इस ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। शाजापुर जिले में इस तकनीक का उपयोग पहली बार किया गया है। इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशीनों के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित और संचालित किया जाता है।
77875 एम.व्ही.ए. हो गई है कुल स्थापित क्षमता एम.पी. ट्रांसको की कुल स्थापित ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर अब 77875 एम.व्ही.ए. की हो गई है, जिसमें 400 के.व्ही. में 11095 एम.व्ही.ए., 220 के.व्ही. में 32385 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. में 34485 एम.व्ही.ए. क्षमता विद्यमान है। एम.पी. ट्रांसको मध्यप्रदेश में अपने 414 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। जिसमें 400 के.व्ही. के 14, 220 के.व्ही. के 88 तथा 132 के.व्ही. के 312 सबस्टेशन शामिल है।



