विक्टोरिया अस्पताल में मरीजों को वितरित किये गये फल

जबलपुर दर्पण । मुहर्रम के अवसर पर खिदमत की संस्था मोहसिने आज़म मिशन की द्वारा विक्टोरिया अस्पताल में फल फ्रूट की 250 किट मरीज़ों को भेंट कर इंसानियत, ख़िदमत और हमदर्दी की एक ख़ूबसूरत मिसाल पेश की। मिशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा कार्य हर वर्ष की तरह इस बार भी मोहसिने आज़म मिशन के संस्थापक हज़रत सैय्यद हसन असकरी अशरफी अल जिलानी (किछौछा शरीफ़) के निर्देशानुसार हज़रत सैय्यद हसन अब्दुल्ला अशरफ, अशरफी अल जीलानी साहब के मुबारक हाथों से अस्पताल में भर्ती मरीज़ों को फ्रूट किटें तक़सीम की गईं। फल पाकर मरीज़ों और उनके तीमारदारों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। उन्होंने मिशन की इस ख़िदमत और इंसानी हमदर्दी की भरपूर सराहना की।
मिशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यौमे आशूरा केवल इबादत और याद-ए-शहादत का दिन नहीं है, बल्कि यह इंसानियत, मोहब्बत, सब्र और ख़ल्क़-ए-ख़ुदा की ख़िदमत का भी अहम पैग़ाम देता है। इसी जज़्बे के तहत हर वर्ष अस्पतालों, ग़रीबों और ज़रूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किए जाते हैं।
फल वितरण कार्यक्रम के समापन पर हज़रत सैय्यद हसन अब्दुल्ला अशरफ अशरफी अल जीलानी साहब ने मोहसिने आज़म मिशन के तमाम पदाधिकारियों और ख़िदमतगारों के लिए ख़ुसूसी दुआ फ़रमाई। उन्होंने कहा कि समाज की बेहतरी और इंसानियत की ख़िदमत का यह सिलसिला इसी तरह जारी रहना चाहिए, क्योंकि यही असली दीन और समाज की सच्ची सेवा है।



