जबलपुर में सफाई व्यवस्था ठप!तीन महीने से वेतन नहीं, कर्मचारियों ने सड़क पर पलटा कचरा

जबलपुर दर्पण । शहर की सफाई व्यवस्था मंगलवार को उस समय चरमरा गई, जब वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने तीन पत्ती चौक पर कचरा डालकर अपना आक्रोश जताया। उनका आरोप है कि पिछले तीन महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।प्रदर्शन का असर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई दिया। माता गुजरी कॉलेज, बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई प्रमुख स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहे, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में कचरे के जमा होने से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।सफाई कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से भुगतान की मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।इस घटना के बाद शहर में यह सवाल उठने लगा है कि सफाई व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है—ठेकेदार, नगर निगम प्रशासन या संबंधित अधिकारी। फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नागरिकों का कहना है कि जल्द से जल्द विवाद का समाधान कर शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य किया जाना चाहिए।



