एनएसयूआई की अतिरिक्त सीएलसी चरण प्रदान करने की मांग

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश शासन की उदासीनता का परिणाम इस बार प्रदेश के हजारों छात्रों को भुगतना पड़ेगा। यह आरोप एनएसयूआइ के अदनान अंसारी ने विज्ञप्ति जारी करते हुआ लगाया। ज्ञात हो कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के महाविद्यालयों में पंजीयन की अंतिम तिथि 24 जुलाई नियत की है, वही यह अंतिम सीएलसी चरण है इसके पश्चात छात्र प्रवेश नहीं ले सकेंगे। दूसरी ओर सरकार की रुक जाना नहीं योजना जिसमे 12वी के अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए विशेष परीक्षा का अवसर दिया है, परंतु अभी तक परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया गया हैं। इसी भूल का भुगतान छात्रों को करना होगा। तृतीय सीएलसी चरण के पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 24 जुलाई है, अब शासन की लापारवाही के चलते अनेकों छात्र प्रवेश से वंचित हो जाएंगे।
एनएसयूआइ मांग करती है कि छात्रों के हित प्रभावित न हो एवं उन्हें उच्च शिक्षा संस्थानों में सुगमतापूर्वक प्रवेश मिल सके, इसलिए सरकार सभी महाविद्यालयों में प्रवेश एवं पंजीयन के अतिरिक्त चरण प्रदान करे।



