घर वापसी अभियान: सनातन धर्म में लौटकर अपनी जड़ों से जुड़ने का संकल्प

जबलपुर दर्पण। जबलपुर स्थित नर्मदा वेद वेदाङ्ग संस्कृत महाविद्यालय में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सुश्री चित्रा नायर (आयु 32 वर्ष), जो पहले ईसाई धर्म का पालन करती थीं, ने अपनी स्वेच्छा से और गहरी आस्था के साथ विधिपूर्वक वैदिक सनातन हिंदू धर्म में वापसी की। यह प्रक्रिया पूरी तरह से वैदिक रीति-रिवाजों, हवन और शुद्धि संस्कारों के साथ संपन्न हुई।
इस महत्वपूर्ण कार्य का मार्गदर्शन प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल जी ने किया, और हिंदू धर्म सेना के प्रदेश संयोजक अर्पित सिंह ठाकुर और अधिवक्ता अमित उपाध्याय के समर्पित प्रयासों से यह संभव हो पाया। यह अभियान संगठन द्वारा पहले भी कई बार चलाया गया है और भविष्य में इसे जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई गई है। संगठन का कहना है कि हर व्यक्ति का स्वागत है जो अपनी स्वेच्छा से सनातन धर्म को अपनाने का इच्छुक हो।
इस मौके पर अर्पित सिंह ठाकुर ने बताया, “घर वापसी सिर्फ एक धार्मिक परिवर्तन नहीं, बल्कि यह अपने सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से जुड़ने का एक संकल्प है। हम हर व्यक्ति की आस्था और स्वेच्छा का सम्मान करते हैं।”
कार्यक्रम में साध्वी आत्मनिष्ठा जी, आचार्य युगल कृष्ण शास्त्री जी, नीरज राजपूत, राज कुमार शर्मा, अधि. ईश्वर सिंह ठाकुर, अखिलेश विश्वकर्मा, तरुण नागिया और मुकेश गौतम जैसे समाज के विभिन्न प्रबुद्ध जन उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार और सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
यह आयोजन एक प्रतीक है उन व्यक्तियों के लिए जो अपने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़कर एक नया जीवन आरंभ करना चाहते हैं।



