आदित्य-अनाघा मल्टी-स्टेट क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की जबलपुर में 88 वीं शाखा का शुभारंभ

जबलपुर। नागपुर (महाराष्ट्र) मुख्यालय वाली प्रतिष्ठित बहु-राज्य सहकारी संस्था आदित्य अनाघा मल्टी-स्टेट क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की 88 वीं शाखा का शुभारंभ जबलपुर में गरिमामय समारोह के साथ संपन्न हुआ। संस्था अब महाकौशल क्षेत्र में अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए स्थानीय नागरिकों को संगठित, सुरक्षित एवं सुलभ वित्तीय सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।
शाखा उद्घाटन अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती अनघा सराफ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर श्रीधर लांडे एवम संजय देशमुख सीईओ सीमा सहस्रभोजनी, श्रीमान संजीव सराफ, शंका दुबे, दामिनी नौकरिया, अविनाश पिल्लंई विभिन्न विभागाध्यक्ष (HOD) एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने इसे क्षेत्रीय आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

“भावनात्मकता के साथ व्यावसायिकता” की कार्यसंस्कृति--संस्था का मूल मंत्र “भावनात्मकता के साथ व्यावसायिकता” है। प्रबंधन के अनुसार सफलता का अर्थ केवल आर्थिक उपलब्धि नहीं, बल्कि पहले एक अच्छे इंसान का निर्माण है। नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं से युक्त व्यक्ति ही उत्कृष्ट पेशेवर बन सकता है—इसी सोच के साथ संस्था कार्य करती है।
स्थापना, विस्तार और उपलब्धियाँ--2 अक्टूबर 2011 को स्थापित यह सोसायटी मल्टी-स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सहित कई राज्यों में संचालित संस्था 88 से अधिक शाखाओं के माध्यम से जमा और ऋण सुविधाएँ प्रदान कर रही है। दिसंबर 2025 तक संस्था के पास ₹1400 करोड़ से अधिक की जमा राशि तथा 2.5 लाख से अधिक सदस्य हैं।

स्थानीय नागरिकों को मिलेगा लाभ--जबलपुर शाखा के माध्यम से व्यापारियों, कर्मचारियों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों के लिए बचत योजनाएँ, विभिन्न ऋण सुविधाएँ तथा अन्य वित्तीय सेवाएँ और अधिक सुलभ होंगी। संस्था ने विश्वास जताया कि नई शाखा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देगी और स्वरोजगार व लघु व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा।
क्षेत्रीय विकास की दिशा में कदम--कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जबलपुर में शाखा खुलने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। संस्था ने पारदर्शिता, विश्वास और सदस्य-हित को सर्वोपरि रखते हुए दीर्घकालिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों ने संस्था की भावी योजनाओं को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।



