म्यूज़िक एल्बम “तुमसे मिलकर” की रिकॉर्डिंग पूरीरवि दानिश और रचना वर्तक की आवाज़ में सजा रोमांटिक गीत

मुंबई जबलपुर दर्पण । गायक रवि दानिश और गायिका रचना वर्तक की मधुर आवाज़ में रोमांटिक गीत “तुमसे मिलकर” की रिकॉर्डिंग मुंबई के मूनवॉक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में संपन्न हो गई है। इस गीत का संगीत सिकंदर शाह ने दिया है, जबकि इसके भावपूर्ण बोल गीतकार शामी एम. इरफान ने लिखे हैं। प्यार की भावनाओं से सराबोर यह गीत वैलेंटाइन वीक के दौरान श्रोताओं के लिए रिलीज किया जाएगा। गायक रवि दानिश ने बताया कि इस गीत की धुन बेहद सॉफ्ट और रोमांटिक है, जो सीधे दिल को छूती है। उन्होंने कहा कि गीत के बोल श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ेंगे और प्रेम के इस खास महीने में यह गीत लोगों की पसंद बनेगा। गायिका रचना वर्तक ने कहा कि उन्होंने अब तक मंच पर कई लाइव शोज किए हैं और अपनी गायकी से दर्शकों का दिल जीता है, लेकिन “तुमसे मिलकर” उनका पहला म्यूज़िक वीडियो है, जिसकी रिकॉर्डिंग पूरी हो चुकी है और जो जल्द ही रिलीज होने वाला है। गौरतलब है कि गायक, अभिनेता और निर्माता रवि दानिश अपनी शॉर्ट फिल्म “रिसॉल्व चाइल्ड लेबर” को लेकर भी चर्चाओं में रहे हैं। बाल श्रम की कड़वी सच्चाई को उजागर करती यह लघु फिल्म अमित कुमार पी. शुक्ला द्वारा लिखित व निर्देशित है। यह फिल्म थाईलैंड और नेपाल के फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म का पुरस्कार जीत चुकी है, वहीं देश के कई फिल्म समारोहों में भी इसे सम्मानित किया जा चुका है।
रवि दानिश आने वाले समय में कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। रमज़ान के पाक अवसर पर वह श्रोताओं के लिए विशेष पेशकश लेकर आएंगे, साथ ही होली के मौके पर भी नए गीतों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।



