बजरंग दल ने फूंका पुतला; देश विरोधी गतिविधियों और सामाजिक विकृतियों के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जबलपुर दर्पण। विश्व हिन्दू परिषद – बजरंग दल, जबलपुर विभाग द्वारा आज देश में बढ़ती सामाजिक विकृतियों, सुनियोजित अपराधों और अवैध गतिविधियों के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और विधर्मियों व असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी। प्रदर्शन के पश्चात, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने माननीय जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया को एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक समरसता को खंडित करने वाली ताकतों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान दी गई चेतावनी- पुतला दहन के समय उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाग संयोजकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता से खिलवाड़ करने वाले विधर्मी तत्वों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने इन असामाजिक गतिविधियों और अवैध कब्जों पर तुरंत नकेल नहीं कसी, तो बजरंग दल सड़कों पर उतरकर और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन के मुख्य बिंदु एवं मांगें– लव जिहाद एवं धर्मांतरण पर रोक: नासिक (TCS) जैसे संस्थानों के पास सामने आए प्रकरणों का हवाला देते हुए मांग की गई कि शिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों में फैल रहे इस जाल को खत्म करने के लिए कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए। अवैध लैंड जिहाद (अतिक्रमण): वन भूमि, रेलवे, सेना और सार्वजनिक भूमि पर सुनियोजित तरीके से किए गए अवैध कब्जों को तत्काल हटाने की मांग की गई।
आतंकी कनेक्शनों की जांच- अल-फलाह यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों से जुड़े संदिग्ध मामलों और बम धमाकों के दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
खाद्य सुरक्षा और अपवित्रता- समाज में वैमनस्य फैलाने के उद्देश्य से खाद्य वस्तुओं को अपवित्र करने की घटनाओं पर सख्त कानूनी नियंत्रण की मांग की गई।
महिलाओं की सुरक्षा- उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में युवतियों के शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग की घटनाओं को रोकने हेतु फास्ट ट्रैक न्याय प्रणाली की मांग की गई।
प्रशासन को अल्टीमेटम- बजरंग दल ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि वे राष्ट्र की सुरक्षा और हिन्दू समाज के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि प्रशासन इन असामाजिक तत्वों पर त्वरित दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि देश में शांति और सद्भाव बना रहे।
इस अवसर पर जिला मंत्री, जिला संयोजक मातृ शक्ति, दुर्गावाहिनी एवं हिंदू समाज में सम्मिलित होकर कड़ा विरोध दर्ज करवाया।



