तहसील परिसर में गंदगी और जलभराव से अधिवक्ता परेशान, नगर पालिका से की लिखित शिकायत

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । जबलपुर जिले के नगर पालिका परिषद सिहोरा अंतर्गत विभिन्न वार्डो सहित तहसील कार्यालय परिसर के बाहर लंबे समय से जलभराव, गंदगी और झाड़ियों का अंबार लगा हुआ है। इस अव्यवस्था के कारण यहां आने-जाने वाले अधिवक्ताओं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार झारिया को एक लिखित शिकायती पत्र भी सौंपा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील न्यायालय और उप-पंजीयक कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) के ठीक सामने जलभराव होने से रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुका है। जलभराव के कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। अधिवक्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन से परिसर के बाहर जल्द साफ-सफाई कराने और जलभराव की समस्या का तुरंत स्थाई समाधान करने की मांग की है। वहीं विभिन्न वार्ड की साफ़ सफाई के साथ साथ अन्य समस्याओं को लेकर स्थानीय जन लोगों ने अधिकारी के समक्ष अपनी अपनी बातें रखते हुए। सिहोरा नगर की जटिल समस्याओं का निदान समय रहते कराने की भी मांग रखीं हैं।



