मझौली में अवैध कॉलोनियों का बड़ा खेल? खेतों में धड़ल्ले से प्लॉटिंग के आरोप, करोड़ों के राजस्व नुकसान की आशंका

जबलपुर दर्पण मझौली नगर परिषद । जबलपुर जिले के मझौली नगर परिषद में कथित रूप से बिना वैधानिक अनुमति के कृषि भूमि पर कॉलोनियां विकसित किए जाने के आरोपों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सिहोरा रोड स्थित पोला रोड कॉलोनी के पास बचिया रोड कॉलोनी” के नाम से कृषि भूमि पर प्लॉटिंग कर भूखंड बेचे जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि कॉलोनी बिना डायवर्जन, स्वीकृत ले-आउट एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों के विकसित की जा रही है, तो यह जांच का विषय है और इससे शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। साथ ही भविष्य में प्लॉट खरीदने वाले लोगों को नामांतरण, बैंक ऋण, सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभागों को इस गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर, नागरिकों ने तहसीलदार कार्यालय मझौली के आसपास से लेकर मझौली तक विकसित हो रही नई कॉलोनियों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन यह स्पष्ट करे कि इन कॉलोनियों को विकसित करने के लिए आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त हैं या नहीं। यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



