एमपी ट्रांसको की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी

जबलपुर दर्पण । रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के संचार अध्ययन एवं शोध विभाग के बी.ए. मास कम्युनिकेशन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया और विद्युत पारेषण व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर एमपी ट्रांसको के आईटी प्रमुख डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को कंपनी के संगठनात्मक ढांचे, एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) ट्रांसमिशन नेटवर्क, ट्रांसमिशन लाइनों एवं सबस्टेशनों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग, प्रभावी मेंटेनेंस व्यवस्था, न्यूनतम ट्रांसमिशन हानियों, अधिकतम नेटवर्क उपलब्धता तथा जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण एमपी ट्रांसको देश की अग्रणी पावर ट्रांसमिशन यूटिलिटीज में शामिल है।
डॉ.हिमांशु श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को कंपनी द्वारा किए जा रहे नवाचारों, डिजिटल पहलों तथा विद्युत पारेषण तंत्र को अधिक विश्वसनीय एवं सुरक्षित बनाने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के संचार अध्ययन एवं शोध विभाग के विद्यार्थी इन दिनों विद्युत कंपनी के मुख्यालय में कार्यानुभव प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने एमपी ट्रांसको के जनसंपर्क कार्यालय का भी भ्रमण किया तथा जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली, मीडिया समन्वय, समाचार लेखन और जनसंचार संबंधी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।



