गोहलपुर में संपत्ति विवाद! महिला ने पार्षद के करीबी लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

जबलपुर दर्पण । गोहलपुर क्षेत्र निवासी नगमा अंसारी ने क्षेत्र के एक पार्षद के करीबी लोगों पर संगठित तरीके से मकानों और संपत्तियों पर कब्जा करने के लिए लोगों को झूठे मामलों में फंसाने, धमकाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि इसी कथित साजिश के तहत उनके पति को झूठे मामले में जेल भिजवाया गया और अब उन पर मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। नगमा अंसारी, पति जसवीर, निवासी लेमा गार्डन, सरकारी क्वार्टर, गाजी नगर, गोहलपुर (ब्लॉक एफ-4, बिल्डिंग नंबर-2) ने अपने आवेदन में बताया कि 15 जून को उनके पड़ोस में रहने वाले एक परिवार से कुछ लोगों का विवाद हुआ था, जिस पर गोहलपुर थाना पुलिस ने एनसीआर के तहत कार्रवाई की थी। ऑटो के लिए बुलाया और फंसा दिया..
महिला का आरोप है कि 17 जून की रात आमिर अंसारी उर्फ गुड्डा एवं उसके साथियों ने उनके पति जसवीर को ऑटो चलाने के बहाने घर से बुलाया और बाद में उन्हें अधारताल थाना क्षेत्र के एक मामले में फंसा दिया। इसके चलते उनके पति पिछले लगभग एक महीने से जेल में बंद हैं।
घर पहुंच रहे गुर्गे..
शिकायतकर्ता के अनुसार, पति के जेल जाने के बाद आमिर अंसारी उर्फ गुड्डा, अनीस बर्फवाला, शहजाद, अफजाल मोटा और अय्यूब टकला सहित कुछ लोग लगातार उनके घर पहुंचकर मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं। महिला का आरोप है कि ये लोग क्षेत्र के एक पार्षद के करीबी हैं और उसके नाम का प्रभाव दिखाकर उन्हें धमका रहे हैं।
क्षेत्रीय पार्षद से जुड़ रहा मामला..
नगमा अंसारी ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों का एक संगठित नेटवर्क है, जो लोगों को झूठे मामलों में फंसाकर, डराकर और दबाव बनाकर मकानों एवं संपत्तियों पर कब्जा करने का प्रयास करता है। उनका दावा है कि उनके परिवार के साथ भी इसी तरह की साजिश रची गई है। महिला ने आरोप लगाया कि संबंधित पार्षद का नाम पहले भी भूमि विवाद और कथित जमीन कब्जे के मामलों में सामने आ चुका है। उन्होंने पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर सभी संबंधित लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार..
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नगमा अंसारी ने जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, कथित नेटवर्क की जांच तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की।



