एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट, रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 जून 2026 को करंजिया ब्लॉक के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, होटल एवं गल्ला दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बृजेश किराना स्टोर में टोस्ट, बेली सुपारी और स्वीटी सुपारी एक्सपायरी डेट की पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही काली मिर्च और घी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इसके अलावा शुभ ट्रेडर्स, राजेन्द्र कुमार साहू गल्ला फर्म एवं मां शारदा किराना स्टोर का निरीक्षण कर हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और तेल के नमूने लिए गए तथा संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अमरकंटक रोड स्थित मां नर्मदा रेस्टोरेंट एवं कैफे के निरीक्षण के दौरान किचन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। फर्श, छत और दीवारों पर गंदगी एवं काली परत जमी मिली, साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव पाया गया। इसे मानव स्वास्थय के लिए गंभीर मानते हुए रेस्टोरेंट संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार पाटनगढ़ स्थित बजरंग रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा विनियम 2011 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने खाद्य विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, भोजन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता जांच कराने तथा फ्रिज एवं बर्तनों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी संग्रहित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, शुद्धता एवं गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचने की अपील की है।



