जन-सुनवाई में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, निराकरण के दिए गए निर्देश

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जन-सुनवाई के दौरान कुल 61 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें पेयजल, सड़क, विद्युत सुविधा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा अधूरे विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिंडौरी तहसीलदार शशांक शेण्डे सहित समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम कनेरी माल के ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित शासकीय हैंडपंप पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण कर मकान का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हैंडपंप को मकान के भीतर शामिल कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाकर हैंडपंप को पुनः सार्वजनिक उपयोग हेतु उपलब्ध कराने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत जैतपुरी एवं पोषक ग्राम कछारी के ग्रामीणों ने बोर खनन कराने की मांग रखते हुए बताया कि लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग द्वारा पाइपलाइन विस्तार कार्य किया गया है, किन्तु बोर खनन नहीं होने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण दोनों ग्रामों में पेयजल संकट बना हुआ है। जिस पर कलेक्टर ने पीएचई के अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम खरगहना के गरियेला मोहल्ला के निवासियों ने सड़क निर्माण की मांग करते हुए बताया कि मुख्य सड़क से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित बस्ती तक पहुंच मार्ग खराब होने के कारण बच्चों को स्कूल आने जाने एवं एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पाती हैं। ग्रामीणों ने आवागमन एवं स्वास्थय सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। जन-सुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित विभागों को आवश्यक जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



