प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी घटना की वास्तविक जानकारी, तकनीकी खराबी को बताया गिरने की वजह

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा के सामुदायिक भवन में लैंटर ढलाई के दौरान हुई घटना को लेकर सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों पर ग्राम पंचायत के सरपंच रामनरेश धुरैया ने विस्तृत स्पष्टीकरण जारी करते हुए उन्हें भ्रामक, निराधार एवं तथ्यों से परे बताया है। उन्होंने कहा कि घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया गया, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग थी।
सरपंच द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि दिनांक 09 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत चटुवा के सामुदायिक भवन के बड़े लैंटर की ढलाई का कार्य नियमानुसार कराया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान वे स्वयं, पंचायत सचिव तथा संबंधित उपयंत्री मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की निगरानी कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि ढलाई के लिए मिक्सर मशीन (लिफ्ट) के माध्यम से सीमेंट एवं मसाला ऊपर पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह सेंटिंग पर गिर गई। मशीन के भार से भवन के एक कोने की सेंटिंग नीचे झूल गई, जिससे निर्माण कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
सरपंच ने स्पष्ट किया कि इस घटना में कोई भी मजदूर मलबे में नहीं दबा। केवल एक मजदूर को बल्ली लगने से हल्की चोट आई थी। घटना के तुरंत बाद सरपंच, पंचायत सचिव एवं उपयंत्री ने तत्परता दिखाते हुए घायल मजदूर को जनपद सदस्य के वाहन से डिंडौरी भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद मजदूर पूरी तरह सुरक्षित अपने घर लौट गया।
उन्होंने कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार माध्यमों में कई मजदूरों के मलबे में दबने, गंभीर रूप से घायल होने तथा सरपंच, सचिव एवं उपयंत्री के घटनास्थल से भाग जाने जैसी खबरें प्रकाशित की गईं, जो पूरी तरह असत्य, भ्रामक एवं निराधार हैं। उनका कहना है कि ऐसी खबरों से ग्राम पंचायत की प्रतिष्ठा और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सरपंच रामनरेश धुरैया ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने सभी समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया संचालकों से अपील की कि किसी भी समाचार के प्रकाशन अथवा प्रसारण से पहले संबंधित पक्ष से तथ्यात्मक जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अपुष्ट एवं भ्रामक समाचार न केवल आमजन को भ्रमित करते हैं, बल्कि संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करते हैं।
सरपंच ने कहा कि ग्राम पंचायत चटुवा हमेशा जनहित एवं पारदर्शिता के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करती रही है और भविष्य में भी विकास कार्य पूरी जिम्मेदारी एवं गुणवत्ता के साथ जारी रहेंगे।



