राशन दुकान हुआ धराशाई, बड़ा हादसा टला, सैल्समेन बोले पांच साल से दे रहा आवेदन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। पिछले 5 सालों से जिला प्रशासन से राशन दुकान बनाने की मांग करने के बाद भी अभी तक राशन दुकान नहीं बना, मजबूरन राशन दुकान का संचालन इसी जर्जर भवन से किया जा रहा था, जो शनिवार को धराशाई हो गया। बताया गया कि घटना लगभग 2 से 3 बजे की है, जब अचानक जर्जर राशन दुकान जमींदोज हो गया, जिसमें रखे चावल, गेहूं सहित अन्य सामग्री नीचे ही दब गई। गनिमत रही की उक्त दिनों में राशन दुकान का संचालन बंद था अन्य कोई कार्य भी नहीं हो रहें थे, नहीं तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। मामला जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खाम्हा गांव से सामने आया है, जहां की राशन दुकान से सैकड़ो गरीब परिवारों को राशन का वितरण किया जाता है। गौरतलब है कि भवन लंबे समय से जर्जर है, प्रशासन से कई बार मांग के बाद भी भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति नहीं मिली है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बतलाया कि अगर यही हादसा राशन दुकान संचालक के समय में हो जाता तो जनहानि कितनी बड़ी हो सकती थी, जिसकी जिम्मेदारी किसकी होती। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द राशन दुकान भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। इस पूरे मामले को लेकर सैल्समेन मुरली सिंह राजपूत से बात की उन्होंने कहा कि जर्जर भवन होने की शिकायत जिला प्रशासन से लगभग पांच बार तक कर चुके हैं, बरसात के मौसम शुरू हो रहे हैं, जिससे राशन वितरण के कार्य प्रभावित हो सकता है।


