आपदा संबंधी सूचनाएं देने के लिए जारी किए गए संपर्क नंबर

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण एवं त्वरित राहत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय के भू-तल स्थित कक्ष क्रमांक-25 में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। कलेक्टर कार्यालय भू-संसाधन प्रबंधन डिण्डौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियंत्रण कक्ष आगामी आदेश तक संचालित रहेगा। जारी आदेश के तहत 16 जून 2026 से विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी चौबीसों घंटे अलग-अलग पालियों में लगाई गई है। इन कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर प्राप्त सूचनाओं को बाढ़ नियंत्रण पंजी में दर्ज करने तथा जिला बाढ़ राहत प्रभारी अधिकारी को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा दूरभाष क्रमांक ’’07644-234600’’ निर्धारित किया गया है। वहीं कक्ष प्रभारी के रूप में प्रभारी तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन देवेन्द्र सिंगौर तथा जिला बाढ़ नियंत्रण प्रभारी के रूप में डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाढ़ या अतिवृष्टि से संबंधित किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष में दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है।



