निगमायुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त ने ली अधिकारियों की बैठक, लीज नवीनीकरण और जल निकासी व्यवस्थाओं की कि समीक्षा

जबलपुर दर्पण । । नगर निगम द्वारा आगामी वर्षाऋतु के मद्देनजर शहर में सुचारू जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने और जनसुविधा से जुड़े संपदा विभाग के कार्यों को गति देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर आज अपर आयुक्त अरविन्द शाह द्वारा समीक्षा बैठक ली गई। समीक्षा बैठक में संभाग क्रमांक 05, 12, 13 और 14 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
वर्षा ऋतु के मद्देनजर जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था-बैठक के दौरान अपर आयुक्त अरविन्द शाह ने वर्षा ऋतु के दौरान शहर में कहीं भी जल भराव की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए संबंधित संभागीय अधिकारियों से जल भराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों की सूची पर चर्चा की और वहां से त्वरित जल निकासी के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की।
अपर आयुक्त ने संभाग क्रमांक 12, 13, 14 और 05 के अंतर्गत आने वाले छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले सभी प्रमुख नालों की सिल्ट निकालने का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए, ताकि तेज बारिश के दौरान भी पानी का बहाव बिना किसी अवरोध के सुचारू रूप से बना रहे।
संपदा विभाग के कार्यों में आएगी तेजी-नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बैठक में संपदा विभाग से जुड़े लीज नवीनीकरण के प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अपर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि लीज नवीनीकरण से संबंधित जो भी मामले लंबित हैं, उनका पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण किया जाए। इस कदम से न केवल नागरिकों के जरूरी कार्य समय पर पूरे होंगे, बल्कि निगम की प्रक्रियाओं में भी और अधिक गति आएगी।
अपर आयुक्त श्री शाह ने सभी संभागीय अमले को मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल भराव की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें और आवश्यक उपकरण जैसे पंप आदि पूरी तरह तैयार रहने चाहिए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समीक्षा बैठक में समस्त विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।



