समान नागरिक संहिता पर सुझाव आमंत्रित, 16 जून को डिंडौरी में होगी बैठक

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। मध्यप्रदेश-शासन के मुख्यमंत्री द्वारा शनिवार 13 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समान नागरिक संहिता यूसीसी के संबंध में प्रदेशभर के समस्त कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जिले के ग्राम पंचायत, विकासखंड, तहसील एवं जिला मुख्यालय स्तर पर आम नागरिकों को समान नागरिक संहिता की जानकारी देते हुए उनके सुझाव एवं अभिमत प्राप्त किए जाएं तथाuniformcivilcode@mp.gov.in ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए। बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे. पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह, डिप्टी कलेक्टर वेद्यनाथ वासनिक, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्य बुधपाल सिंह की अध्यक्षता में 16 जून 2026 को शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभा कक्ष डिंडौरी में जनपरामर्श बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में जिले के सांसद, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बार काउंसिल, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण से जुड़े सदस्य, शांति समिति, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी मीडिया कर्मी शामिल होंगे। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, समुदायों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे समान नागरिक संहिता कानून के संबंध में अपने सुझाव एवं अभिमत निर्धारितuniformcivilcode@mp.gov.in ईमेल आईडी पर भेजकर इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहभागिता निभाने की अपील की गई है।



