जन-प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शिविर का समापन

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिले के विकासखंड समनापुर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर ग्रामीणों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। 15 जून से 17 जून तक चले इस शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचीं। वर्षों से विभिन्न योजनाओं के लाभ की प्रतीक्षा कर रहे पात्र हितग्राहियों को जब मंच से स्वीकृति पत्र और हितलाभ सामग्री प्रदान की गई तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। शिविर के दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों ने मिलकर आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण आजीविका, कृषि और अन्य विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को भटकना नहीं पड़ा। सबसे बड़ी उपलब्धि मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से सामने आई, जहां 28 महिला स्व-सहायता समूहों को 1 करोड़ 68 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता से समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में नई ऊर्जा मिलेगी। महिलाओं ने इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्वास्थ्य विभाग ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई। 97 लोगों के रक्त परीक्षण किए गए, जिनमें हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांच शामिल रहीं। 101 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 32 पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं 15 जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी शिविर ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 101 पात्र हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत की गई, जिससे बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल मिलेगा। इसके अलावा अनुग्रह सहायता योजना के 13 मामलों का निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
कृषि विभाग द्वारा 12 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं के तहत भी बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पावंती कुशराम, जिला पंचायत सदस्य प्रीतम मरावी, क्षेत्रीय जनपद सदस्य वह भाजपा युवा नेता राहुल पांडे, सरपंच ऊषा श्याम, सुशील मार्को, भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जनपद अध्यक्ष मनका सिंह बनवासी, भाजपा मीडिया प्रभारी लखन बर्मन, श्री भाटिया सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन एवं रोहित उपाध्याय की मौजूदगी में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जन-प्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। जनकल्याण शिविर इसी उद्देश्य को साकार करने का माध्यम बन रहे हैं। तीन दिनों तक चले इस शिविर ने न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान किया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की नई राह भी दिखाई। समनापुर का यह जनकल्याण शिविर ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा का एक सफल उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां योजनाएं कागजों से निकलकर सीधे लोगों के जीवन में बदलाव लाने पहुंचीं।



