शराब माफिया के हौसले बुलंद! कार्यकर्ताओं को कुचलने की कोशिश का आरोप

जबलपुर दर्पण । पाटन थाना क्षेत्र के शहपुरा रोड स्थित सुरैया मोड़ के पास भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई करते हुए 224 पाव अवैध शराब (लाल मसाला एवं प्लेन) बरामद कराई। मौके से दो आरोपियों को बिना नंबर की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल सहित पुलिस के हवाले किया गया।
संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह अवैध शराब पाटन स्थित कलारी से ननवारा निवासी रमेश ठाकुर के ढाबे पर भेजी जा रही थी। कार्यकर्ताओं के अनुसार, शराब की खेप पकड़े जाने की सूचना मिलने पर रमेश ठाकुर अपनी किआ कार (क्रमांक MP20 ZT 3411) से मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के समूह पर तेज रफ्तार से वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने तीन बार वाहन से टक्कर मारने की कोशिश की और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोग पाटन थाने पहुंचकर उन्हें धमका रहे हैं। संगठन ने पूरे मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने अवैध शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जांच जारी है।



