रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: खेल का सपना, गंदगी की हकीकत

जबलपुर दर्पण । कुछ वर्ष पहले बड़े उद्देश्य के साथ रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया था। उम्मीद थी कि यहां खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का केंद्र विकसित होगा। लेकिन आज हालात उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत नजर आ रहे हैं।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पीछे मलबे के ढेर और फैली गंदगी पूरे परिसर की बदहाल तस्वीर पेश कर रहे हैं। जिस स्थान को खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाओं का केंद्र बनना था, वहां अव्यवस्था और उपेक्षा ने कब्जा जमा लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया, तो रानीताल क्रिकेट ग्राउंड को विकसित करने का सपना अधूरा ही रह जाएगा। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मानना है कि खेल परिसर के आसपास नियमित सफाई, मलबा हटाने और मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को गंभीरता से निभानी चाहिए, ताकि यह परिसर अपने उद्देश्य के अनुरूप विकसित हो सके।



