हादसों पर लगेगी लगाम! बरेला की शारदा मंदिर नागा घाटी ब्लैक स्पॉट का कलेक्टर- एस पी ने किया निरीक्षण

बरेला जबलपुर दर्पण । शारदा मंदिर नागा घाटी ब्लैक स्पॉट का कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।जबलपुर जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने की दिशा में सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बरेला स्थित शारदा मंदिर नागा घाटी ब्लैक स्पॉट का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दुर्घटनाओं की वजहों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क की भौगोलिक स्थिति, तीखे मोड़, यातायात व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, सुरक्षा रेलिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने एन एच ए आई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।
।इस निरीक्षण में नायब तहसीलदार राजेश मिश्रा, एनएचएआई (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीयूष यदुवंशी, सरपंच आशीष शुक्ला,पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।प्रशासन का उद्देश्य है कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित स्थानों पर बेहतर यातायात प्रबंधन, चेतावनी संकेत, सड़क सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए मांग की कि शारदा मंदिर नागा घाटी जैसे संवेदनशील मार्ग पर जल्द से जल्द स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



