उख़री पीड़ित परिवारों के मध्य पहुंचे विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय,कार्यवाही के तरीके पर जताई नाराजगी

जबलपुर दर्पण । विगत दिवस उख़री आदि प्लाजा के सामने हुई अतिक्रमण की कार्यवाही के पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने कार्यवाही के तरीके और समयावधि पर गंभीर नाराजगी जताई और इसे संवेदनहीन कार्यवाही बताया।
विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि उखरी क्षेत्र (आदि प्लाज़ा के सामने) से प्रभावित होने वाले प्रत्येक परिवार का सम्मानपूर्वक एवं गरिमापूर्ण पुनर्वास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा संकल्प है कि सभी परिवारों को उचित आवास एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराकर व्यवस्थित रूप से पुनर्स्थापित किया जाए।
माननीय न्यायालय के आदेशों का पूर्ण सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पुनर्स्थापना की पूरी प्रक्रिया मानवीय संवेदनाओं, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
आज केशरवानी समाज के सम्मानित जनों से सकारात्मक एवं आत्मीय चर्चा हुई। बैठक में समाज के वरिष्ठजन, जे.डी.ए. उपाध्यक्ष श्री प्रशांत केसरवानी जी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सोनिया रंजीत सिंह जी, एस.डी.एम., नगर निगम एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुनर्स्थापना का कार्य कुछ समय पश्चात प्रारंभ किया जाएगा, ताकि सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पहले सुनिश्चित की जा सकें।
यह भी तय किया गया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की व्यवस्थित पुनर्स्थापना प्रशासन, जे.डी.ए. एवं केशरवानी समाज के आपसी समन्वय और सहयोग से की जाएगी, जिससे हर परिवार को सम्मान, सुरक्षा और आवश्यक सहायता समय पर प्राप्त हो सके।



