पुणे वायु सेवा और नियमित ट्रेन की मांग को लेकर संघर्ष तेज

जबलपुर दर्पण। जबलपुर संघर्ष समिति ने पुणे के लिए सीधी वायु सेवा और नियमित ट्रेन की बहाली की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यसभा सांसद श्री विवेक कृष्ण तंखा से मुलाकात की और उन्हें मांग पत्र सौंपा। समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि जबलपुर और पुणे के बीच सीधी वायु सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि बड़ी संख्या में जबलपुर के युवा शिक्षा और रोजगार के लिए पुणे में निवास करते हैं।
ओशो एक्सप्रेस की मांग
समिति ने जबलपुर और पुणे के बीच नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी की है, जिसका नाम संस्कारधानी ओशो एक्सप्रेस रखने का प्रस्ताव दिया गया है। सांसद विवेक तंखा ने इस मांग को न्यायोचित बताते हुए कहा कि जबलपुर को रानी दुर्गावती, आचार्य रजनीश ओशो, महर्षि महेश योगी और स्वामी स्वरूपानंद जैसे महान व्यक्तित्वों के कारण राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है।
सांसद का आश्वासन
सांसद तंखा ने आश्वस्त किया कि जबलपुर-पुणे वायु सेवा और ट्रेन सेवा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ओशो के अनुयायियों की बड़ी संख्या जबलपुर और पुणे दोनों स्थानों पर है, जिससे इन सेवाओं का सीधा लाभ नागरिकों को मिलेगा।
समिति का आव्हान
समिति की गीता शरत तिवारी, बलदीप मैनी, हिमांशु राय, मनु तिवारी, अरुण पवार, प्रीति चौधरी, सुनील श्रीवास्तव, और देवव्रत मिश्रा ने जबलपुर वासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
बैठक में सहभागिता
इस बैठक में ओशो संस्थान के प्रेम पारस, वायु सेवा संघर्ष समिति के जितेंद्र पचौरी, दीपक सेठी और मनोज जसाठी समेत कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पुणे वायु सेवा और ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग पर जोर देते हुए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह मांग जबलपुर को उसकी मूलभूत सुविधाओं में सुधार और देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



