आबकारी विभाग की निष्क्रियता से गांव-गांवों में बिक रही अवैध अंग्रेजी शराब

– ग्रामीणों ने पकड़ी अवैध शराब से भरी गाड़ी, सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची पुलिस।
नंदकिशोर ठाकुर, डिंडोरी ब्यूरो। जिले भर में आबकारी विभाग की निष्क्रियता से गांव गांव में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। गौरतलब है कि विभागीय संरक्षण के चलते अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री पर लंबे समय से कार्यवाही नहीं हो रही, मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर मिलीभगत करके मोटी कमीशन लेकर कार्यवाही न करने के आरोप लग रहे हैं। बताया गया कि शराब माफिया सुबह शाम अवैध शराब को ठिकानों तक पहुंचाते हैं, फिर गांव गांवों में बैठे कथित शराब तस्कर कमीशन के चक्कर में शराब की बोतल शराबियों को बेचते नजर आते हैं। आरोप है कि गांव गांवों में अवैध अंग्रेजी शराब आसानी से उपलब्धता हो जाने के चलते युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है, गांवों के अधिकतर बच्चे भी शराब के आदी होते जा रहे हैं। एक तरफ शासन प्रशासन द्वारा चिन्हित ठिकानों से ही अंग्रेजी शराब को बेचने के लिए ठेका निर्धारित करता है, वहीं दूसरी ओर चिन्हित ठिकानों के अलावा भी जिम्मेदार ठेकेदार द्वारा गांव गांवों से अवैध शराब की बिक्री करवाई जाती है, जिसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि विभागीय जिम्मेदार अधिकारी मोटी कमीशन लेकर शराब तस्करों पर कार्यवाही नहीं करते, जिससे माफियाओं के हौसले हर दिन बुलंद होते जा रहे हैं, यही कारण है कि धड़ल्ले से गांव-गांवों में शराब की खेप आसानी से पहुंच रही है।
समनापुर के बम्हनी, गौराकन्हारी, केवलारी, बड़गांव में जारी है शराब की बिक्री-गौरतलब है कि समनापुर शराब दुकान ठेकेदार की दबंगई से गांव गांवों में अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई करवाई जाती है। मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारी मोन बने हुए हैं, कार्रवाई करने की वजह शराब तस्करों को उल्टा संरक्षण देते हुए नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पिछले दिनों समनापुर थाना अंतर्गत एक गांव में सामने आया, जहां शराब ठेकेदार की गुर्गे आसपास के गांवों में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब धड़ल्ले से सप्लाई करते हुए है स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताया गया कि शराब से भरी गाड़ी बम्हनी, गौरा कान्हारी, केवलारी सहित अन्य गांवों में खपाने की फिराक में शराब तस्कर थे, जिन्हें ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी देते हुए बताया गया कि कल सोमवार सुबह जब गौराकन्हारी में एक बोलेरो नंबर cg 5 h5330 वाहन में अवैध अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में पाया गया। गौरा कन्हारी के स्थानीय लोगों ने गाड़ी को पकड़ा लिया और मामले की सूचना समनापुर थाने को दी गई। आरोप है कि सूचना के घंटों बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, शराब तस्कर वाहन को छोड़कर फरार हो चुके थे, जहां घंटों बाद शाम को मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्यवाही करती नजर आई।



