सात फेरों के बाद वापस लौटी बारात:वधु पक्ष का आरोप,दुल्हा मानसिक विक्षिप्त

रात भर चला विवाह समारोह, सुबह दोनों पक्षों में हुआ विवाद
जबलपुर दर्पण/दमोह क्राईम ब्यूरो। शहर के डॉ अंबेडकर सामुदायिक भवन में बुधवार रात सात फेरों के साथ संपन्न हुए विवाह के बाद गुरुवार सुबह दोनों पक्षों में विवाद हो गया और दुल्हन के परिजनों ने विदाई करने से मना कर दिया। दोनों परिवारों ने महिला थाना में आवेदन दिया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। बुधवार रात नरसिंहपुर जिले से बारात दमोह पहुंची थी। शहर के कचोरा बाजार स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन में रात भर विवाह समारोह चला। सुबह विदाई के कुछ घंटे पहले ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया और इसके बाद दुल्हन के परिवार ने विदाई करने से मना कर दिया। इसके बाद पूरा मामला महिला थाने पहुंचा,जहां पर दोनों ही पक्षों ने अपने अपने आवेदन दिए हैं। महिला थाना प्रभारी सुशीला श्रीवास्तव ने बताया की शादी समारोह संपन्न होने के बाद गुरुवार सुबह दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। विवाद का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है,लेकिन वधू पक्ष ने विदाई करने से मना कर दिया है। इनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ है इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। आवेदनों के आधार पर दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच की जा रही है। वही खबर मिली है की दूल्हा मानसिक विक्षिप्त है। इसकी जानकारी सुबह दुल्हन के परिजनों को हो गई और उसके बाद पूरा विवाद सामने आ गया। इस बात में कितनी सच्चाई है इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है। वर और वधू पक्ष इस पूरे मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।


