सीएम राइज़ के अंतर्गत प्रवेश में निष्पक्षता जरूरी – तरुण भनोत

सीएम राइज़ के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता लाने पूर्व वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
जबलपुर । विदित हैं कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नवीन शिक्षा नीति के दृष्टिगत सर्व संसाधन सम्पन्न विद्यालयों की स्थापना हेतु सीएम राइज़ योजना की शुरुआत की गई हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के गरीब और आर्थिक तंगी झेल रहे परिवारों के बच्चों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का लक्ष्य हैं | किन्तु, शिक्षा विभाग एवं अधिकारियों की लापरवाही और पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए इस योजना मे पलीता लगाने में लगे हैं | उक्त आरोप प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक तिरुण भनोत ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र के माध्यम से लगाया हैं |
भनोत ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में बताया कि पिछले दिनों ही स्थानीय अखबारों के द्वारा यह जानकारी उपलब्ध कराई गई थी कि प्रदेश के 14 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पिछले दो वर्षों के कोरोनाकाल के दौरान स्कूली शिक्षा से बाहर हो चुके हैं, जिनमे अधिकतर संख्या छात्राओं की हैं, जो आर्थिक पारिवारिक परेशानियों के कारण और सरकार की लापरवाही के कारण स्कूली शिक्षा से बाहर होने पर उन्हे मजबूर होना पड़ा | कोरोना महामारी के दौरान जहां एक तरफ प्रदेश कि पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था बेहद बदहाली का शिकार थी, वही दूसरी तरफ शिक्षा क्षेत्र में सरकार की संवेदनहीनता के कारण प्रदेश में छात्र-छात्राओं की एक बड़ी आबादी पर शिक्षा क्षेत्र से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा हैं |
भनोत द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रेषित पत्र के माध्यम से सीएम राइज़ योजना की शुरुआत और मुख्यमंत्री के मंशा की प्रशंसा करते हुए बताया कि सीएम राइज़ की शुरुआत निश्चित रूप से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर पालकों के बच्चों के बेसिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर एक अनुकरणीय कदम हैं, किन्तु शिक्षा विभाग और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की मिलीभगत एवं पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण इस महत्वाकांक्षी योजना में पलीता लगाया जा रहा हैं | इस योजना के माध्यम से ऐसे बच्चों को भी प्रवेश की पात्रता दी जा रही हैं जो आर्थिक रूप से मजबूत और सम्पन्न परिवारों से संबंध रखते हैं, जिसके कारण यह योजना अपने मूलभाव के लक्ष्यों को पूरा कर पाने में अक्षम दिख रहा हैं | भनोत ने बताया कि इस योजना के माध्यम से उनके क्षेत्र के कुछ बेहद गरीब और आर्थिक तंगी झेल रहे परिवारों के बच्चों को प्रवेश हेतु अनुशंसा की गई थी, जिसमे कार्यवाही अपेक्षित हैं |
भनोत ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र के माध्यम से आग्रह किया कि सीएम राइज़ योजना के माध्यम से गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासियों और समाज के वंचित छात्र-छात्राओं को शिक्षा हेतु प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और इस योजना का क्रियान्वयन सामरिक रूप से पारदर्शी एवं निष्पक्ष भी होना चाहिए ताकि इस योजना के मूल अवधारणा और संकल्पनाओं के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जा सके |



