ज्ञानदीप संगोष्ठी में पदों का पुनर्वितरण तथा मैन पॉवर प्लानिंग पर हुई समीक्षा

जबलपुर दर्पण। रेल प्रशासन द्वारा समय समय पर जारी की गई नई नीतियों, सर्कुलर्स, आदि की अप-टू-डेट जानकारी रेलकर्मियों के साथ साझा करने के उद्देश्य से महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता के निर्देश पर तथा प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी के नेतृत्व में हर महीने ज्ञानदीप संगोष्ठी का आयोजन पमरे मुख्यालय में किया जाता है। इस संगोष्ठी में तीनों मंडलों के अधिकारी, वैगन रिपेयर वर्कशॉप कोटा तथा कोच पुनर्निर्माण कारखाना भोपाल के कार्मिक विभाग से संबंधित अधिकारीगण एवं मुख्यालय के अधिकारी, पर्यवेक्षकगण, डीलिंग क्लर्क आदि शामिल होते हैं तथा अपने अनुभवों को साझा करते हैं और समस्याओं का निराकरण भी करते हैं। ‘‘ज्ञानदीप संगोष्ठी‘‘ बेंचमार्किंग नॉर्म्स एंड मैन पॉवर प्लानिंग विषय पर आयोजित की गई। इस संगोष्ठी में उपलब्ध मानव शक्ति के सर्वोत्कृष्ट उपयोग करने, पदों के पुर्नवितरण तथा मानव शक्ति नियोजन में आने वाली समस्याओं और उनके सुधार पर चर्चा की गयी। इसके अलावा विभिन्न विभागों के जनशक्ति का भारतीय रेल की औसत मैन पॉवर रेशियो से पमरे के सभी मंडलों का मैन पॉवर रेशियो का तुलनात्मक अघ्ययन किया गया। संगोष्ठी में मुख्यालय, जबलपुर, भोपाल एवं कोटा के कार्मिक अधिकारियों ने वेबेक्स के माध्यम से अपना प्रस्तुतिकरण दिया। संगोष्ठी में मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री प्रभात, सुश्री पूर्णिमा जैन, अनिल कुमार तिवारी, एच. एस. मीणा तथा कुरियाकोस मैथ्यू एवं मुख्यालय के कार्मिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



