कटनी हरदुआ आउटर पर अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, जीआरपी ने शुरू की जांच

कटनी जबलपुर दर्पण । कटनी रेलवे स्टेशन के हरदुआ आउटर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सुबह करीब 4:30 बजे स्टेशन मास्टर को मिली, जिसके बाद तत्काल रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जीआरपी पुलिस ने अज्ञात मृतक का मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल जीआरपी कटनी से संपर्क करे, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा सके।



