दर्पण खबर का असर: घुघरी में 6 दिन बाद शुरू हुई नल-जल आपूर्ति, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

सतीश चौरसिया उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत ग्राम घुघरी में बीते कई दिनों से गहराया जल संकट आखिरकार समाप्त हो गया । गांव में संचालित नल-जल योजना 6 दिनों से पूरी तरह बंद पड़ी थी, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था ।
इस गंभीर समस्या को लेकर जबलपुर दर्पण में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की, जिसके बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और नल-जल आपूर्ति को पुनः चालू कर दिया गया ।
नल-जल योजना ठप होने के दौरान ग्रामीणों को दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा था । भीषण गर्मी में खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे काफी परेशान थे । पानी की कमी के चलते लोगों की दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी ।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई । हालांकि, जैसे ही यह मुद्दा समाचार पत्र में उजागर हुआ, विभाग ने तत्परता दिखाते हुए समस्या का समाधान कर दिया ।
नल-जल आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और जबलपुर दर्पण की पहल की सराहना की है । ग्रामीणों का कहना है कि समय पर खबर प्रकाशित होने से उनकी समस्या का समाधान संभव हो सका ।



