उमरिया दर्पण
मुख्य मार्गों से हटेंगे साप्ताहिक बाजार, जिला पंचायत ने जारी किए निर्देश

सतीश चौरसिया उमरियापान । ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों से उत्पन्न हो रही यातायात अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए मुख्य मार्गों से साप्ताहिक बाजारों को अन्य उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है । जारी निर्देशों में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम द्वारा सांसद हिमाद्री सिंह के माध्यम से जिला प्रशासन को पत्र भेजकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया था । पत्र में बताया गया कि कई ग्राम पंचायतों में मुख्य सड़कों एवं व्यस्त मार्गों पर साप्ताहिक बाजार लगाए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है । बाजार के दौरान सड़क पर भीड़ बढ़ने से वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है । पत्र में यह भी सुझाव दिया गया कि जिन ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सड़क किनारे अथवा मुख्य मार्गों पर बाजार संचालित हो रहे हैं, वहां पंचायत स्तर पर उपलब्ध खुले मैदान, शासकीय भूमि अथवा अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर बाजारों को व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाए । इससे एक ओर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी, वहीं बाजार आने वाले ग्रामीणों और व्यापारियों को भी अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा । जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी निर्देशों के बाद अब संबंधित जनपद पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे बाजारों का सर्वे कर वैकल्पिक स्थानों का चयन करेंगी । साथ ही ग्राम पंचायतों के सहयोग से बाजारों के व्यवस्थित संचालन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी । जिला पंचायत ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि की गई कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी शीघ्र जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए ।



