अतिक्रमण और चोरियों की भेंट चढ़ी बरगी कॉलोनी, खंडहर में तब्दील हुई करोड़ों की सरकारी संपत्ति

गोटेगांव जबलपुर दर्पण। रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना (बरगी बांध) की बरहेटा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) मुख्यालय कॉलोनी प्रशासनिक अनदेखी के कारण पूरी तरह बर्बाद हो रही है। पिछले 20 वर्षों से देखरेख के अभाव और यहाँ किसी अधिकारी-कर्मचारी के न रहने से चोरों ने क्वार्टरों की खिड़कियां, दरवाजे, चौखट और सीमेंट शीट तक पार कर दी हैं। हद तो यह है कि चोरों ने सरकारी गोदाम का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती लोहे के पाइप और अन्य जरूरी सामान भी गायब कर दिया है। सुविधाजनक और लावारिस माहौल पाकर बाहरी लोगों ने पूरी कॉलोनी परिसर पर अवैध कब्जा जमा लिया है। कुछ ग्रामीणों ने अपने पैतृक मकान बेचकर यहाँ बकायदा पक्के घर बना लिए हैं, तो वहीं गोदाम के पास झोपड़ियां डालकर मवेशी बांधे जा रहे हैं। मुख्य एसडीओ क्वार्टर पर एक शिक्षक का अवैध कब्जा है, जबकि विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके तीन चपरासी और सुपरवाइजर भी सालों से क्वार्टर खाली नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में स्थानीय ग्राम पंचायत का कहना है कि मुख्य नहर कार्यालय से रखरखाव का पत्र तो मिला था, लेकिन विभाग ने कॉलोनी को ग्राम पंचायत को विधिवत हस्तांतरित नहीं किया है, जिसके कारण बिना पूर्ण अधिकार के पंचायत कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी खुद यहाँ आकर व्यवस्था संभालें, संदिग्ध घरों की जांच कर चोरी का सरकारी सामान जब्त किया जाए और पूरी कॉलोनी को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।



