अधूरे निर्माण के साथ ठेकेदार ने छोड़ा पुल, सुरक्षा मानकों की अनदेखी से मंडराया हादसों का खतरा

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । तहसील क्षेत्र के अंतर्गत उमरिया से बुढ़ैना गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर नदी के ऊपर नवनिर्मित पुल का कार्य ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया है। पुल के मुख्य निर्माण के बाद सुरक्षा की दृष्टि से कुछ हिस्सों में लोहे के एंगल तो खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन अंतिम छोर के दोनों तरफ का एक बड़ा हिस्सा अब भी पूरी तरह खुला पड़ा है। इस स्थान पर काफी गहरी खाई जैसी स्थिति होने के बावजूद सुरक्षा दीवार या गाइड पिलर नहीं बनाए गए हैं, जबकि अमूमन ऐसे निर्माणों में पर्याप्त दूरी तक दोनों साइड पिलर खड़े किए जाते हैं। सुरक्षा मानकों की यह अनदेखी इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ साबित हो रही है। उद्घाटन से पहले ही काम समेटकर ठेकेदार के चले जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले का तत्काल संज्ञान ले और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुल के शेष अधूरे कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराए।



