ग्राम पंचायत नोनी में साफ-सफाई का अभाव

गोटेगांव जबलपुर दर्पण। समीपवर्ती ग्राम पंचायत नोनी में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के प्रमुख रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। निकासी ठप्प होने के कारण नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं और उनका गंदा पानी अब सड़कों पर फैल रहा है। इस दूषित माहौल के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस विकराल समस्या को लेकर सरपंच और पंचायत प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। अनेक बार शिकायतें दर्ज कराने के बाद भी धरातल पर अब तक सफाई को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्रामवासियों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि पंचायत क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए ताकि लोगों को गंदगी से निजात मिल सके।



