बगासपुर जंगल में मिले शव की हुई पहचान, मानसिक रूप से परेशान था मृतक


नरसिंहपुर जबलपुर दर्पण । जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगासपुर के जंगल में सागौन के पेड़ पर लटके मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान हलकत्ता यादव (लगभग 50-53 वर्ष) निवासी बगासपुर के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार हलकत्ता यादव 7 तारीख को घर से चायपत्ती लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद 10 तारीख को गोटेगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने बताया कि हलकत्ता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसके बाएं पैर में भी तकलीफ रहती थी, जिससे वह काफी परेशान रहता था।
गोटेगांव एसडीओपी मनीष त्रिपाठी के अनुसार बगासपुर के जंगल में सागौन के पेड़ पर जमीन से करीब 12 फीट ऊपर फंदे से लटका शव मिला, जो प्रथम दृष्टया 4-5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक मजदूरी कर जंगल से लकड़ी काटने का काम करता था और मानसिक रूप से भी कमजोर बताया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



