हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव? जबलपुर के स्कूल में जमकर हंगामा

जबलपुर दर्पण । जबलपुर के करमेता स्थित सेंट एलॉयसियस रिमझा स्कूल में उस समय हंगामा मच गया, जब स्कूल में कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि हिंदू स्टाफ पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया और कथित तौर पर यह कहा गया कि जो कर्मचारी धर्म परिवर्तन करेगा, वही स्कूल में नौकरी कर पाएगा। इतना ही नहीं, आरोप है कि इनकार करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की बात भी कही गई। इसी बात का विरोध करते हुए कर्मचारियों और स्कूल प्रबंधन के बीच विवाद बढ़ गया। घटना की जानकारी हिंदू संगठनों तक पहुंची, जिसके बाद बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, इन आरोपों पर पक्ष जानने के लिए मीडिया ने स्कूल के प्रिंसिपल स्वामी जैकओव से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। फिलहाल माढ़ोताल थाना पुलिस ने पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और स्कूल प्रबंधन के आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है।



