पेपर लीक के मामले में दिल्ली जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं – सरकार तत्काल वार्ता कर मांगों का समाधान करे

जबलपुर दर्पण । देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के विरोध में छात्रों का आंदोलन पिछले 15 दिनों से लगातार जारी है। इसी क्रम में जबलपुर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जन संगठनों ने आज घंटाघर, जबलपुर में एकत्र होकर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम जिला प्रशासन को संयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हजारों छात्र-छात्राएँ अपने भविष्य की सुरक्षा, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के समर्थन में शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी आमरण अनशन पर हैं। ज्ञापन में सरकार से आग्रह किया गया कि आंदोलनकारियों की मांगों पर शीघ्र संवाद स्थापित कर समाधान निकाला जाए तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाई जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि मेहनती छात्रों की वर्षों की तैयारी पेपर लीक और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती रही, तो यह केवल छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय नहीं होगा, बल्कि देश की प्रतिभा, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी गंभीर आघात होगा।
संयुक्त ज्ञापन के माध्यम से निम्न प्रमुख मांगें रखी गईं—
- सभी कथित पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
- दोषी व्यक्तियों, अधिकारियों एवं संबंधित संगठनों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- छात्रों के प्रतिनिधियों से तत्काल संवाद स्थापित कर उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान किया जाए।
- भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए आधुनिक, सुरक्षित एवं पूर्णतः पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू की जाए।
- परीक्षा प्रणाली में स्पष्ट जवाबदेही तय कर छात्रों का विश्वास पुनः स्थापित किया जाए।
सभी सामाजिक, राजनीतिक एवं जन संगठनों ने छात्रों के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए सरकार से अपील की कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने तथा देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए इस गंभीर विषय पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
संयुक्त अपीलकर्ता एवं समर्थनकर्ता
एडवोकेट रामकिशोर शिवहरे – प्रदेश संगठन मंत्री, आम आदमी पार्टी, एडवोकेट राजेंद्र गुप्ता – वरिष्ठ नेता, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, नोखेलाल प्रजापति – जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी, अमित पांडे – नेता, स्वराज अभियान, समाजवादी नेता रामरतन यादव, घनश्याम यादव, सुबोध रिछारिया, राजेंद्र अग्रवाल, प्रकाश कुशवाहा, मनीष वर्मा, ए. पी. यादव, लखनलाल प्रजापति, मेहंदी हसन, मुन्ना अली, अवधेश यादव, अशोक मिश्रा, श्याम सिंह कुशवाहा, शैलेन्द्र मिश्रा, मुरारी वर्मा, देवेंद्र यादव, राकेश यादव, गोपाल सिंह, शिव कुमार कुशवाहा, कांग्रेस नेता शिव कुमार चौबे, के. के. यादव, विश्वदीपित गौतम, सूरज पटेल तथा अन्य सामाजिक, छात्र एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे।
=========/=====
धरना प्रारंभ
विक्टोरिया हॉस्पिटल टाउन हॉल के समक्ष महात्मा गांधी प्रतिमा के नीचे उपरोक्त सभी जन संगठनों के कार्यकर्ता एवं नेता धरना पर बैठ रहे हैं धरना दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है जो लगातार प्रतिदिन चलेगा



