नगर निगम की जनसुनवाई में त्वरित एक्शन, मौके पर ही सुलझीं नागरिकों की समस्याएं, 60 आवेदकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

जबलपुर दर्पण । नगर निगम मुख्यालय और सभी संभागीय कार्यालयों में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आज नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई। जनसुनवाई में पहुंचे निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए नागरिकों की समस्याओं को न सिर्फ सुना, बल्कि अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनका तुरंत समाधान भी कराया। अधिकारियों के इस त्वरित एक्शन से काम कराने आए नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी।
नागरिकों को मिला तुरंत न्याय, मौके पर हुआ निराकरण
मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बिना समय गंवाए सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के प्रमुखों को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई संवेदनशील मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर आवेदकों को तुरंत राहत पहुंचाई गई। प्राप्त आवेदन क्रमशः 7 अतिक्रमण विभाग, 12 भवन शाखा, 6 स्वास्थ विभाग, 2 जल, 11 संपदा शाखा, 4 कॉलोनी सेल, 2 बाजार, 1 राजस्व, 2 लोककर्म, 2 स्थापना, 2 पेंशन, 1 शासकीय योजना, 2 उद्यान, 1 कार्यालय अधीक्षक , 1 संभाग क्रमांक 03, 1 संभाग क्रमांक 05, 1 संभाग क्रमांक 12 से जुड़े आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई की गई।
संभागीय कार्यालयों में भी प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही समाधान
मुख्यालय के साथ-साथ नगर निगम के सभी संभागीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का भी आयोजन किया गया। संभाग स्तर पर नागरिकों द्वारा कुल 44 आवेदन प्रस्तुत किए गए। संभागीय अधिकारियों ने सभी 44 आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, विद्यानंद बाजपेई, उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन, जनसुनवाई प्रभारी व सहायक आयुक्त वेद प्रकाश चैधरी, गुलाब इमवाती, सुनील दुबे, विष्णु, देवेंद्र पटेल, असद, सतीश मिश्रा, आशा चैधरी सहित समस्त विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।



