अज्ञात बीमारी या साजिश? एक साथ 61 बकरियों की मौत से मचा हड़कंप

ढीमरखेड़ा (कचनारी)। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कचनारी के ग्राम मझगवां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पशुपालक की 61 बकरियों की अचानक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र के पशुपालकों में दहशत और शोक का माहौल है।
पीड़ित पशुपालक दरबारी लाल यादव (उर्फ तनु लाल यादव) ने बताया कि रोज की तरह वह सुबह अपनी बकरियां चराने के लिए ले गए थे। चराई के दौरान उनकी बकरियां के झुंड में एक बहरी बकरी शामिल हो गईं। जब शाम को दरबारी लाल अपनी बकरियों को वापस लेने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी 61 बकरियां मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया। प्राथमिक निरीक्षण के बाद चिकित्सक ने किसी अज्ञात संक्रामक रोग के कारण बकरियों की मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में एक साथ मौत होने से ग्रामीण इसे संदेहास्पद भी मान रहे हैं।
पीड़ित ने इस मामले की लिखित शिकायत सिलौड़ी पुलिस चौकी में दर्ज कराई है। चौकी प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि,घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी।
यदि इस घटना में किसी की संलिप्तता या लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
पीड़ित पशुपालक दरबारी लाल यादव ने कहा की
”मेरी पूरी जमापूंजी खत्म हो गई है। शासन-प्रशासन से मेरी गुहार है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मुझे उचित मुआवजा दिलाया जाए ताकि मैं अपना जीवनयापन दोबारा शुरू कर सकूं।”
इस सामूहिक मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के पशुपालकों में भारी डर देखा जा रहा है। लोग अपनी बकरियों और मवेशियों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पशुपालन विभाग तुरंत क्षेत्र में शिविर लगाकर अन्य मवेशियों की जांच करे ताकि किसी भी संभावित महामारी को फैलने से रोका जा सके



