शनिवार अवकाश के दिन भी खुलेगें निगम के कैश काउंटर

जबलपुर दर्पण। करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के द्वारा अवकाश दिवस शनिवार को भी नगर निगम के सभी संभागीय कार्यालयों एवं मुख्यालय के कैश काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए निगमायुक्त ने उपायुक्त पी.एन. सनखेरे को निर्देश दिये हैं। उपायुक्त श्री सनखेरे ने जानकारी दी है कि समस्त करदाताओं को सम्पत्ति कर में अभी 6.25 प्रतिशत की छूट एवं सीनियर सिटीजन्स को जलशुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने इन्हीं छूटों का लाभ करदाताओं को देने अवकाश दिवस में भी सभी कैश काउंटर खुले रहेगें की जानकारी दी है।
उपायुक्त राजस्व ने बताया कि करदाताओं को फोन व मैसेज कर शनिवार अवकाश में भी कैश काउंटर खुले होने की सूचना से अवगत कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक टैक्स जमा कर सकें एवं छूट का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि मैदानी अमले को निर्देश दिये गए हैं कि वे जितने भी करदाताओं को जानते हैं, उनसे सम्पर्क कर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि बहुत से करदाता समय के आभाव के कारण कैश काउंटर्स तक नहीं पहुॅंच पाते और ऐसे में उनकी सहूलियत को ध्यान में रखकर समय-समय पर अवकाश के दिन काउंटर खोला जाता है।



