क्षतिग्रस्त सड़कों के कायाकल्प एवं नवीन सड़कों के निर्माण के लिए महापौर एवं विधायक की सार्थक पहल

जबलपुर दर्पण। क्षेत्रीय नागरिकों की सुविधा को देखते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं विधायक विनय सक्सेना के द्वारा जनहित में व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सड़कों के नव निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए व्यापक पैमाने पर निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने उत्तर मध्य क्षेत्र के विधायक विनय सक्सेना के साथ एकता चौक, एसबीआई चौक, विजयनगर के विभिन् क्षेत्रों के साथ ही योजना क्रमांक 41के मार्ग का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने पहुंचे महापौर एवं विधायक ने जल्द से जल्द सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को तय समय सीमा में कराए जाए जिससे आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुधार की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं विधायक विनय सक्सेना के द्वारा सार्थक पहल की जा रही है इसी के परिणाम स्वरूप उनके द्वारा अनेक क्षेत्रों में नए विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जाकर अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं विधायक विनय सक्सेना ने बताया कि नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर की सड़कों की हालत सुधारने में करोड़ों की राशि खर्च की जाएगी। इस अवसर पर विधायक विनय सक्सेना ने कहा है कि क्षेत्र के विकास के लिए विधायक निधि की राशि से भी सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे जिससे कि सम्माननीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं विधायक विनय सक्सेना ने संयुक्त रूप से अनेक क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए नागरिकों से संवाद भी किया एवं उनकी समस्याएं पूछ कर जल्द से जल्द उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से सभी नए निर्माण कार्यों एवं सुधार कार्य के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के अवसर पर लोक निर्माण विभाग प्रभारी एम आई सी सदस्य मनीष पटेल,कार्यपालन यंत्री आर के गुप्ता,आदित्य शुक्ला,सहायक यंत्री राजेश गोस्वामी, सुदीप पटेल आदि उपस्थित थे।



