वृद्ध मुन्नी बाई को वापस मिला मकान, पांच वर्ष से दबंग ने कर रखा था कब्जा

जबलपुर दर्पण। बालसागर से विस्थापित एक वृद्ध महिला को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दबंग के अवैध कब्जे से उसका मकान वापस दिला दिया गया। तहसीलदार गोरखपुर अनूप श्रीवास्तव के अनुसार बाल सागर से विस्थापित वृद्ध मुन्नीबाई पटेल को पटेल मोहल्ला भूकम्प कॉलोनी के पास परसवाड़ा में पट्टे पर मकान दिया गया था। उसके इस मकान पर पिछले पांच वर्षों से दबंग जीतू रजक द्वारा कब्जा कर लिया गया था। अपना मकान वापस पाने के लिए वृद्ध काफी परेशान थी, यहां-वहां भटकने के बाद मुन्नी बाई ने मकान पर कब्जा वापस दिलाने एसडीएम कोर्ट में आवेदन दिया। एडीएम कोर्ट में फैसला उसके हक में आने के बाद जीतू रजक द्वारा उसकी एडीएम कोर्ट में अपील की गई थी। एडीएम कोर्ट द्वारा अपील खारिज कर मुन्नीबाई को मकान का कब्जा दिलाने का आदेश पारित किया गया। आदेश के परिपालन में आज तहसीलदार अनूप श्रीवास्तव द्वारा दबंग जीतू रजक से लेकर मुन्नी बाई को उसके मकान का कब्जा सौंप दिया गया।



